हाजीपुर: स्किल इंडिया मिशन से जुड़ी विजन इंडिया द्वारा वासुदेवपुर चपुता स्थित सेंटर पर आयोजित ट्रेनिंग प्रोग्राम में युवाओं को कॉरपोरेट दुनिया के अहम गुर सिखाए गए। इस कार्यक्रम में ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के पूर्ववर्ती छात्र शामिल हुए।
कार्यक्रम में देश की बड़ी कंपनियों से जुड़े एचआर विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों को प्रोफेशनल लाइफ की बारीकियां समझाईं। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन और कॉरपोरेट जीवन में बड़ा अंतर होता है, जहां धैर्य, अनुशासन और स्मार्ट वर्क सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।
विशेषज्ञों ने युवाओं को सलाह दी कि नौकरी के दौरान आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय शांत रहकर समाधान निकालना सीखें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में तकनीक तेजी से बदल रही है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को खतरे के रूप में नहीं बल्कि अवसर के रूप में देखना चाहिए।
एचआर लीडर्स ने स्पष्ट कहा कि जो युवा नई तकनीकों को समझेंगे और सही तरीके से उसका उपयोग करना सीखेंगे, वे अपने करियर में तेजी से आगे बढ़ेंगे। खासतौर पर AI में प्रॉम्प्ट लिखने की समझ भविष्य में बड़ी स्किल साबित होगी।
इस मौके पर विजन इंडिया के मुख्य कार्य अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक विवेक कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को कॉरपोरेट जगत से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि आज भी गांवों में कई प्रतिभाशाली युवा अवसरों के अभाव में पीछे रह जाते हैं, जबकि कंपनियां अब ग्रामीण युवाओं की क्षमता को पहचान रही हैं।
उन्होंने कहा कि विजन इंडिया हर साल एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य संवर रहा है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : अब गांव के स्कूल में ही शुरू होगी ग्रेजुएशन की पढ़ाई… जानिए कैसे?