सुपौल: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए Central Bureau of Investigation (CBI) पटना की विशेष टीम ने सुपौल जिले में जन-जागरूकता अभियान चलाया। गुरुवार को दो सदस्यीय टीम ने शहर पहुंचकर मीडिया और आम लोगों के माध्यम से रिश्वतखोरी के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में बैनर-पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही सरकारी और अर्ध-सरकारी दफ्तरों में जाकर कर्मचारियों और नागरिकों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केंद्र सरकार से जुड़े विभागों में पारदर्शिता लाना है।
CBI टीम ने स्पष्ट किया कि पोस्ट ऑफिस, जीएसटी, आयकर विभाग, बैंक और बीमा कंपनियों जैसे केंद्रीय संस्थानों में यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगता है, तो उसकी शिकायत सीधे CBI से की जा सकती है। शिकायत मिलने पर एजेंसी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि शिकायत करने के लिए पीड़ित होना जरूरी नहीं है। कोई भी जागरूक नागरिक, जिसे भ्रष्टाचार की जानकारी हो, वह इसकी सूचना दे सकता है। लोगों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
शिकायत दर्ज कराने के लिए CBI ने व्हाट्सएप नंबर 9431005682, फोन नंबर 0612-2235588 और ईमेल hobacpat@cbi.gov.in जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार, यदि शिकायत के साथ ठोस सबूत दिए जाते हैं, तो कार्रवाई की प्रक्रिया और तेज हो जाती है।
CBI के मुताबिक, हर शिकायत पर पहले प्रारंभिक जांच होती है। आरोप सही पाए जाने पर साक्ष्यों के आधार पर FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी का किसी सरकारी कर्मचारी से जुड़ा होना जरूरी है।
CBI का यह अभियान न केवल जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत भी देता है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : गर्मी से राहत या खतरे की घंटी? बिहार में आंधी-बारिश का डबल असर, 60KM/H हवा का अलर्ट!
सुपौल से मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम की रिपोर्ट…