पटना: राष्ट्रीय हॉकी के मैदान पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का सपना देख रहीं महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका सामने आया है। 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 के लिए बिहार की टीम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टीम में जगह बनाने के लिए 28 और 29 नवंबर को राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के अनुसार, चयन ट्रायल में शामिल होने वाली सभी महिला खिलाड़ियों को 28 नवंबर को सुबह 11 बजे राजगीर खेल अकादमी में रिपोर्ट करना होगा। खिलाड़ियों का चयन बिहार हॉकी के मुख्य सलाहकार एवं प्रशिक्षक गेविन फरेरा के समक्ष होने वाले ट्रायल के आधार पर किया जाएगा।
कोलकाता में दिखेगा बिहार की बेटियों का दम
16 से 27 दिसंबर 2026 तक पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए राजगीर में होने वाला ट्रायल अहम साबित होगा। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।
दो दिनों में तय होगी टीम की तस्वीर
राज्य की महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए यह चयन ट्रायल अपनी मेहनत, तकनीक और मैदान पर प्रदर्शन साबित करने का अवसर है। अब नजरें राजगीर पर टिकी हैं, जहां दो दिनों के ट्रायल के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए बिहार की टीम की तस्वीर साफ होगी।
ये खबर भी पढ़े: कबड्डी के मैदान में बिहार की बेटियों का विजयघोष, तीन टीमों को पछाड़ पूल में बनीं नंबर-1!