शेखपुरा: महंगी होती शिक्षा, बेरोजगारी और शैक्षणिक संस्थानों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दों को लेकर छात्र आंदोलन को नई दिशा देने की तैयारी है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के 11वें अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए शेखपुरा सहित बिहार के विभिन्न जिलों से छात्र-युवा साथी नागपुर के लिए रवाना हुए।
महाराष्ट्र के नागपुर में 28 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को लेकर छात्र संगठनों के बीच उत्साह है। सम्मेलन में देशभर के छात्र प्रतिनिधि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों, युवाओं के भविष्य और छात्र अधिकारों पर चर्चा करेंगे।
शिक्षा महंगी, रोजगार का संकट; आंदोलन को मजबूत करने की तैयारी
AISA नेता मो. रिक्की खान ने कहा कि यह सम्मेलन देश के छात्र आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का निजीकरण, लगातार महंगी होती पढ़ाई, बेरोजगारी और शैक्षणिक संस्थानों की बदहाल स्थिति छात्रों के सामने गंभीर चुनौतियां हैं।
उन्होंने कहा कि इन सवालों पर संगठित संघर्ष की जरूरत है। छात्र एकता और आंदोलन के माध्यम से शिक्षा एवं रोजगार के मुद्दों पर मजबूत आवाज उठाना संगठन की प्राथमिकता है।
शिक्षा, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर होगा जोर
मो. रिक्की खान ने छात्र-युवाओं से शिक्षा, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि नागपुर में होने वाला राष्ट्रीय सम्मेलन छात्र आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
शेखपुरा से नागपुर रवाना हुए छात्र साथियों ने भी सम्मेलन को सफल बनाने और छात्र-युवा मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का संकल्प जताया।
ये खबर भी पढ़े: छोटी बचत से बड़े कारोबार का रास्ता; युवाओं को लघु ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू करने की DCO ने दी सलाह!