पटना: जिस मैदान में दो दिन पहले घोड़ों की टाप सुनाई दे रही थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। जिस तबेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए घोड़े ठहरे थे, वह अब खाली नजर आ रहा है। वजह है मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी में आयोजित चर्चित घुड़दौड़ प्रतियोगिता का रद्द होना। प्रतियोगिता में विजेता को थार गाड़ी देने का ऐलान किया गया था, लेकिन आयोजन रद्द होने के कारण किसी भी घुड़सवार के हाथ कोई इनाम नहीं लगा।
बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नदवां में 25 नवंबर को शिवांगी की शादी के अवसर पर घुड़सवार प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह था। देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ नदवां पहुंचे थे। प्रतियोगिता के आकर्षण का केंद्र उसके इनाम भी थे। विजेता के लिए थार गाड़ी, दूसरे स्थान पर रहने वाले के लिए बाइक और तीसरे स्थान के लिए स्कूटी रखी गई थी।
लेकिन आयोजन स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ के कारण घुड़दौड़ को रद्द करना पड़ा। माइक से घोषणा की गई कि आगे प्रतियोगिता आयोजित होने पर इसकी सूचना दी जाएगी। इसके बाद घुड़सवार अपने-अपने घोड़ों के साथ वापस लौट गए।
थार, बाइक और स्कूटी के इनाम रह गए इंतजार में
जिस प्रतियोगिता को लेकर घुड़सवारों ने लंबा सफर तय किया था, उसका परिणाम सामने ही नहीं आ सका। न कोई विजेता घोषित हुआ और न ही किसी को थार, बाइक या स्कूटी मिल सकी। फिलहाल प्रतियोगिता दोबारा कब होगी, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
जहां गूंजती थीं टापें, वहां अब पसरा सन्नाटा
इस आयोजन की सबसे दिलचस्प तस्वीर अब खाली तबेला है। कुछ दिन पहले तक जहां घोड़ों की मौजूदगी और घुड़सवारों की हलचल थी, वहां अब सन्नाटा है। घोड़े लौट चुके हैं, लेकिन थार वाली घुड़दौड़ की चर्चा अभी भी लोगों के बीच बनी हुई है।
एक भव्य शादी में आयोजित इस प्रतियोगिता का रोमांच तो खूब चर्चा में रहा, लेकिन मुकाबला पूरा नहीं हो पाने के कारण इनाम और विजेता—दोनों का इंतजार अधूरा रह गया।
ये खबर भी पढ़े: जनता मालिक है या भीड़ के आगे व्यवस्था बेबस? अनंत सिंह की शाही शादी में पत्तलों की ऐसी तस्वीर, जिसने खोल दी इंतजामों की पोल!