पटना: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस खास मौके पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरु दरबार में मत्था टेका और अरदास कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों को याद करते हुए प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता को एकजुट रहने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं।
नीतीश सेतु के नामकरण पर उठाया सवाल
गुरुद्वारा में मत्था टेकने के बाद तेजस्वी यादव ने गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के नाम पर रखा जाना चाहिए था। उन्होंने इसके पीछे तर्क दिया कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली पटना साहिब है। प्रकाश पर्व के मौके पर दिया गया उनका यह बयान राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया।
गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद
गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—मानव जीवन को बेहतर बनाने का संदेश देती हैं। इनका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई का हिस्सा जरूरतमंदों के साथ साझा करना। गुरु नानक देव जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समानता और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षा ‘एक ओंकार’ पूरी मानवता को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती है।
प्रकाश पर्व के अवसर पर पटना साहिब गुरुद्वारा में गुरुवाणी, शबद-कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में मत्था टेककर परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्ति और श्रद्धा के माहौल में सराबोर रहा।
ये खबर भी पढ़े: गोपालगंज में सदर एसडीएम के सरकारी आवास पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट की रेड, प्रशासनिक महकमे में मचा हड़कंप!