गोपालगंज: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव करीब तीन साल बाद अपने पैतृक गांव फुलवरिया पहुंचे तो माहौल भावनात्मक हो गया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और पुत्री रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। गोपालगंज दौरे के दौरान परिवार ने प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद काफिला सेलार कला होते हुए फुलवरिया पहुंचा। लंबे समय बाद अपने गांव में लालू परिवार को देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखा।
ननिहाल पहुंचीं रोहिणी, बच्चियों को दिया शिक्षा का संदेश
रोहिणी आचार्य अपने ननिहाल सेलार कला पहुंचकर काफी प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर स्थानीय महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान छतों पर खड़ी बच्चियों को देखकर उन्होंने उन्हें नीचे बुलाया और पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली।
रोहिणी ने बच्चियों का उत्साह बढ़ाते हुए शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना प्रगति संभव नहीं है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गांव के समीप स्थित राबड़ी देवी बालिका उच्च विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने छात्राओं से मुलाकात कर पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद लालू प्रसाद यादव ने स्थानीय राधे-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की और परिवार के साथ फुलवरिया के लिए रवाना हो गए।

पंच मंदिर में पूजा, मां की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
फुलवरिया पहुंचने पर लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने पुजारी परमहंस यादव की मौजूदगी में ऐतिहासिक पंच मंदिर में पूजा-अर्चना की। अपने गांव की मिट्टी पर परिवार के तीनों सदस्यों को एक साथ देखकर ग्रामीणों में उत्साह दिखा। बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जुटे रहे।
इसके बाद परिवार अपने पुश्तैनी आवास के समीप पहुंचा। यहां लालू यादव ने अपनी दिवंगत मां मरछिया देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल भावुक हो गया।
भाभी से मुलाकात में छलका पारिवारिक स्नेह
दौरे का सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब लालू प्रसाद यादव अपने बड़े भाई स्वर्गीय गुलाब यादव की पत्नी कुंती देवी से मिले। अस्वस्थ होने के बावजूद लालू यादव ने परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात की।
अपनी भाभी का हालचाल पूछते हुए उन्होंने भोजपुरी में कहा, “भाभी, अब तबीयत ठीक नईखे रहत, आपन ख्याल रखिहलो।” उनके स्नेहपूर्ण शब्द सुनकर कुंती देवी भी भावुक हो गईं। इस मुलाकात ने परिवार के पुराने रिश्तों और आत्मीयता की झलक पेश की।
पारिवारिक समारोह में भी हुए शामिल
इससे पहले गुरुवार देर शाम लालू परिवार ने उचकागांव प्रखंड के बरगछिया गांव में करीबी रिश्तेदार सुभाष चंद्र यादव के घर आयोजित पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
पूरे दौरे के दौरान राजद जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, रूपेश यादव, बशीर मियां, शिवनाथ यादव, राकेश तिवारी, अमित यादव, साधु शरण यादव, नीतीश यादव, लवकुश यादव और सुदीश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ नेताओं का स्वागत किया।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
लालू परिवार के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे, जबकि काफिले को एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर नीतू कुमारी ने संभाली।
करीब तीन साल बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे लालू प्रसाद यादव का यह दौरा राजनीतिक गतिविधियों से इतर पारिवारिक रिश्तों, गांव की यादों और भावनात्मक मुलाकातों के लिए खास रहा।
ये खबर भी पढ़े: विश्व बाल दिवस पर लाल इंटरनेशनल स्कूल को मिला नया खेल मैदान, बच्चों ने दौड़ और क्रिकेट से किया आगाज!
गोपालगंज से अनुज पांडेय की रिपोर्ट…