लखीसराय: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को लखीसराय के परिया पोखर पर दो दिवसीय भास्कर महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति और कला की खूबसूरत झलक देखने को मिली। पूरा आयोजन स्थल श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास से गुलजार रहा।
महोत्सव का उद्घाटन सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, नगर परिषद लखीसराय के सभापति अरविंद पासवान तथा जिला बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि भास्कर महोत्सव जिले की सांस्कृतिक विरासत, कला, साहित्य और लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
महोत्सव के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। आम्रपाली कला केंद्र के कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं नवल भारती, पंकज भारती, पंकज भारद्वाज एवं राजीव कुमार तथा उनकी टीम ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
एक ओर परिया पोखर पर भगवान सूर्य की आराधना में श्रद्धालु लीन थे, तो दूसरी ओर मंच से निकलती सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लोगों को बिहार की लोक कला और परंपराओं से रूबरू करा रही थीं। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
भास्कर महोत्सव ने छठ की धार्मिक आस्था को सांस्कृतिक उत्सव से जोड़ते हुए लखीसराय की कला और परंपरा को एक साझा मंच प्रदान किया। दो दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन परिया पोखर पर भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
