जहानाबाद: शहर की सड़कों पर अतिक्रमण कर सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ नगर प्रशासन ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को बतिस भवरिया के समीप सड़क किनारे बनी झोपड़ियों पर प्रशासन का बुलडोजर चला। जेसीबी की मदद से लंबे समय से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने अतिक्रमण को हटाया गया, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
सड़क किनारे झोपड़ियां और अन्य निर्माण होने के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा सड़क पर जाम की स्थिति बनने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने इसे हटाने का निर्देश दिया था।
डीएम के निर्देश पर उतरी नगर परिषद की टीम
जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को शहर में सरकारी जमीन और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को जल्द हटाने का निर्देश दिया था। इसी निर्देश के आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
शनिवार को नगर परिषद की टीम जेसीबी के साथ बतिस भवरिया पहुंची और सड़क किनारे बनी झोपड़ियों तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
पहले दिया गया था नोटिस, फिर हुई कार्रवाई
इस संबंध में सहायक नगर योजना पदाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले लोगों को पहले ही नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अंबेडकर चौक से अस्पताल मोड़ तक भी चलेगा बुलडोजर अभियान
नगर प्रशासन ने आगे की कार्रवाई को लेकर भी स्पष्ट संकेत दिए हैं। अंबेडकर चौक से अस्पताल मोड़ तक अभियान चलाकर सड़क और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। प्रशासन के मुताबिक, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद शहर में अतिक्रमण करने वालों के बीच प्रशासन के सख्त रुख का संदेश गया है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि आगामी अभियान में किन इलाकों से अतिक्रमण हटाया जाता है और शहर की सड़कों को आवागमन के लिए कितना सुगम बनाया जा पाता है।
ये खबर भी पढ़े: शेखपुरा में कोचिंग से घर लौट रही नाबालिग को स्कॉर्पियो में बैठाकर दरिंदगी, 12 घंटे में लखीसराय से आरोपी गिरफ्तार!
जहानाबाद से गौरव कुमार की रिपोर्ट…