लखीसराय: राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश लेकर लखीसराय जिले के चयनित प्रतिभागियों का दल गुजरात के लिए रवाना हो गया। बुधवार को समाहरणालय स्थित गांधी मैदान परिसर से जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। यह दल 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेगा।
दल को रवाना करते हुए डीएम शैलेन्द्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रतिभागियों से समारोह में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेने की अपील की। साथ ही कहा कि वहां से प्राप्त अनुभवों और सीख को जिले के अन्य युवाओं के साथ भी साझा करें, ताकि उनमें राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना और मजबूत हो सके।
बस से पटना, फिर विशेष ट्रेन से गुजरात जाएंगे प्रतिभागी
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के लिए चयनित प्रतिभागियों का दल जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना एवं शिक्षा विभाग सह नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष बस से पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन, पटना के लिए रवाना हुआ। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पटना से यह दल बिहार राज्य के नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष वातानुकूलित ट्रेन से गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचेगा।
समारोह में देशभर से प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा। लखीसराय के चयनित प्रतिभागियों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेने और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के साथ अनुभव साझा करने का अवसर होगा।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ रवाना
दल को रवाना करने के अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्य, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने जा रहे प्रतिभागियों को अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे अनुशासन एवं उत्साह के साथ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ये खबर भी पढ़े: रेलवे में 1,265 स्टेशन मास्टरों की भर्ती, ग्रेजुएट के लिए मौका; 25 नवंबर तक करें आवेदन!
