लखीसराय: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है। बुधवार को डीएम शैलेंद्र कुमार और एसपी प्रेरणा कुमार ने लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों, मेला स्थलों और प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन की तैयारी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
पंडालों में भीड़ प्रबंधन पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने निर्देश दिया कि पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते सुगम और बाधारहित रखे जाएं। संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त इंतजाम करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
अधिकारियों ने पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने को भी कहा गया।
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के निर्देश
प्रतिमा विसर्जन स्थलों के निरीक्षण के दौरान निर्धारित मार्गों पर आवागमन व्यवस्थित रखने और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और अन्य नागरिक सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनी रहे तथा श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन पताका सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: सहरसा में महिला कुश्ती दंगल, साक्षी मलिक ने बढ़ाया पहलवानों का हौसला!
