लखीसराय: मुंगेर प्रमंडल स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में लखीसराय के कबड्डी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। मुंगेर के खेल भवन स्थित आउटडोर स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में लखीसराय की टीम ने दो आयु वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि एक वर्ग में उपविजेता रही। इस प्रदर्शन के दम पर U-14 और U-17 बालक वर्ग की टीमों ने बिहार टीम में अपनी जगह बनाई है। लखीसराय के खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में खेलप्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है।
U-14 और U-17 में बेगूसराय को दी शिकस्त
प्रतियोगिता के U-14 बालक वर्ग में लखीसराय की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में बेगूसराय को हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और लखीसराय ने महज एक अंक के अंतर से जीत दर्ज की। इससे पहले टीम ने सेमीफाइनल में मुंगेर को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
वहीं, U-17 बालक वर्ग में भी लखीसराय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। फाइनल मुकाबले में बेगूसराय को 20 अंकों के बड़े अंतर से हराकर टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दोनों आयु वर्गों में जीत के साथ लखीसराय ने बिहार टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की।
U-19 में दो अंकों से चूका खिताब
U-19 बालक वर्ग में लखीसराय की टीम को फाइनल मुकाबले में बेगूसराय के हाथों दो अंकों से हार का सामना करना पड़ा। करीबी मुकाबले में लखीसराय उपविजेता रही। प्रतियोगिता में विजेता टीम को स्वर्ण पदक और उपविजेता टीम को रजत पदक प्रदान किया गया।
तीनों आयु वर्गों में लखीसराय की टीमों का फाइनल तक पहुंचना जिले में कबड्डी की मजबूत होती पहचान और खिलाड़ियों की मेहनत को दर्शाता है।
बिहार टीम में लखीसराय की मजबूत दावेदारी
U-14 और U-17 वर्गों में जीत के बाद लखीसराय के खिलाड़ी बिहार टीम का हिस्सा बनेंगे। जिले के खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। दो वर्गों में खिताबी जीत और एक वर्ग में उपविजेता रहने की उपलब्धि ने लखीसराय को कबड्डी प्रतियोगिता में मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित किया है।
लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर टीम मैनेजर के रूप में खेलो इंडिया स्मॉल कबड्डी ट्रेनिंग सेंटर, खगौर के प्रशिक्षक राजकुमार सहनी तथा जिला कबड्डी संघ के कोच शुभम कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया था।
खेल जगत में खुशी, खिलाड़ियों को मिली बधाई
लखीसराय की इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश, संरक्षक डॉ. कुमार अमित, डॉ. पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार आर्य, संयुक्त सचिव सुनील कुमार शर्मा, नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान तथा लाल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक मुकेश कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लखीसराय के खिलाड़ी बिहार टीम की ओर से भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
ये खबर भी पढ़े: दिल्ली में आंदोलन, शेखपुरा में हिरासत! क्या प्रदर्शन से पहले ही डर गया जिला प्रशासन?
