लखीसराय: लखीसराय में दुर्गा पूजा को लेकर नगर परिषद ने अभी से विसर्जन मार्ग की बदहाली पर चिंता जताई है। शहर की मुख्य सड़कों के साथ चितरंजन रोड, पचना पथ और कबैया पथ समेत उन रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग उठी है, जहां से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस गुजरने वाला है। नगर परिषद की सशक्त स्थाई समिति की बैठक में सभापति अरविंद पासवान ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए जिला पदाधिकारी से हस्तक्षेप की अपील की है।
नगर परिषद प्रशासनिक भवन में बुधवार को सभापति अरविंद पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल पांच प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस प्रस्ताव को लेकर रही, जिसमें प्रतिमा विसर्जन से पहले खराब सड़कों और ऊंचे स्पीड ब्रेकरों को ठीक कराने की मांग की गई।
सभापति ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे में ऊबड़-खाबड़ सड़कें और जगह-जगह बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर परेशानी का कारण बन सकते हैं। उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया कि विसर्जन से पहले संबंधित सड़कों की मरम्मत पथ निर्माण विभाग (PWD) से जल्द कराई जाए।
खास बात यह है कि जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़कें नगर परिषद के बजाय पथ निर्माण विभाग के अधीन आती हैं। ऐसे में नगर परिषद ने सीधे जिला प्रशासन से पहल करने की अपील की है, ताकि पूजा के दौरान विसर्जन जुलूस को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
33 वार्डों की गलियों का भी होगा हिसाब
बैठक में शहर की गलियों को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। नगर परिषद क्षेत्र के सभी 33 वार्डों में कितनी-कितनी गलियां हैं, इसका वार्डवार सर्वेक्षण NGO के माध्यम से कराने का निर्णय लिया गया। सर्वेक्षण के बाद अलग-अलग रजिस्टर में गलियों का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा।
नगर परिषद का मानना है कि गलियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार होने से भविष्य में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को तैयार करने में आसानी होगी।
33 वार्डों की समस्याओं की बनेगी रिपोर्ट
25 जून 2026 को हुई बीस सूत्री समिति की बैठक की कार्यवाही के अनुपालन में नगर परिषद के सभी 33 वार्डों की समस्याओं का प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारी से प्राप्त योजनाओं को नगर विकास प्रमंडल लखीसराय एवं शेखपुरा को भेजा जाएगा।
बैठक में संबंधित योजनाओं का प्राक्कलन और DPR तैयार कर स्वीकृति के लिए आगे भेजने पर भी निर्णय लिया गया, ताकि वार्डों की समस्याओं को योजनाबद्ध तरीके से दूर किया जा सके।
नियोजित शिक्षक का भी हुआ तबादला
बैठक में नियोजित शिक्षक कुमारजीत को मध्य विद्यालय महिला विद्या मंदिर, लखीसराय से मध्य विद्यालय इंग्लिश में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। सभापति ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन को निर्णय की प्रति प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजने का निर्देश दिया।
बैठक में उप सभापति शिवशंकर राम, नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन, सशक्त स्थाई समिति के सदस्य सुरेंद्र मंडल, शबनम बानो और सुनैना देवी मौजूद रहीं।
कुल मिलाकर इस बार नगर परिषद की बैठक में मुद्दा सिर्फ विकास योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को सड़क की बदहाली से होने वाली परेशानी को लेकर भी प्रशासन को पहले ही आगाह कर दिया गया है। अब देखना होगा कि विसर्जन से पहले PWD इन मार्गों की तस्वीर बदल पाता है या नहीं।
ये खबर भी पढ़े: बिहार में बाढ़ के बीच बड़ा एक्शन; 7 इंजीनियर सस्पेंड, मुख्य अभियंता पर भी गिरी गाज!
