पटना: पटना में बाढ़ की स्थिति के बीच बिहार सरकार ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी के जलस्तर में जबरदस्त बढ़ोतरी और चंपारण में पांच स्थानों पर तटबंध क्षतिग्रस्त होने के मामले में 7 अभियंताओं को निलंबित कर दिया गया है। इनमें एक कार्यपालक अभियंता, तीन सहायक अभियंता और दो कनिष्ठ अभियंता समेत विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेपाल में हुई अप्रत्याशित बारिश से गंडक में उफान आया, जिससे कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी। हालांकि, विभागीय जांच में कुछ अभियंताओं की ओर से काम में शिथिलता और लापरवाही भी सामने आई। इसी के आधार पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई की जद में छपरा और गोपालगंज के अभियंता आए हैं। संतोष कुमार प्रभाकर और मो. साजिद इकबाल को कार्यपालक अभियंता पद से निलंबित किया गया है। इसके अलावा सुनील कुमार, विनोद कुमार और मो. जावेद अंसारी सहायक अभियंता तथा चंद्रशेखर कुमार और विकास कुमार कनिष्ठ अभियंता को भी निलंबित किया गया है।
वहीं मुजफ्फरपुर के मुख्य अभियंता कुमार मनोज गुप्ता के खिलाफ चंपारण तटबंध के क्षतिग्रस्त होने और उसके बाद की जाने वाली आकस्मिक कार्रवाई में कथित शिथिलता एवं लापरवाही को लेकर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्राकृतिक आपदा अपनी जगह है, लेकिन बाढ़ से निपटने की तैयारी और तटबंधों की निगरानी में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो सरकार कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी काम में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विजय चौधरी ने बताया कि गंडक और गंगा में इस बार जलस्तर बेहद ऊंचे स्तर तक पहुंचा। कई इलाकों में पानी फैलने से फसलों को नुकसान हुआ है। हालांकि अब नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे नीचे आ रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर पानी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है।
सरकार की इस कार्रवाई को बाढ़ प्रबंधन में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। तटबंधों की निगरानी से लेकर आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया तक अधिकारियों की भूमिका पर अब विभाग की नजर है। उपमुख्यमंत्री के बयान से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में लापरवाही से जुड़े अन्य मामलों में भी कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।
ये खबर भी पढ़े: मां का इलाज कराने आई नाबालिग से बेतिया GMCH में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार!