पटना/जमुई: बिहार के जमुई में दो नाबालिग छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में आ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने घटना पर चिंता जताते हुए बिहार सरकार से सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल किया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से पॉक्सो कानून के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही और सरकार से जवाब मांगा कि शाम के समय सार्वजनिक सड़कों पर लड़कियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा रही है।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार घटना 19 सितंबर की शाम की है। वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज की और जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान की है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक वीडियो को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान
घटना को लेकर महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान तथा गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: बक्सर में छात्राओं से दुर्व्यवहार के मामले में दो शिक्षक बर्खास्त, विभागीय जांच में आरोप सही!