पटना: राजधानी पटना में आयोजित भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का ग्रैंड फिनाले मनोरंजन के साथ-साथ सियासी तकरार का भी गवाह बना। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई चर्चित सितारों की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम में आरजेडी नेता तेजप्रताप यादव और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह आमने-सामने नजर आए। तेजप्रताप की एक टिप्पणी ने पूरे कार्यक्रम को सुर्खियों में ला दिया।
कार्यक्रम के दौरान तेजप्रताप यादव ने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘लफुआ’ कह दिया। कलाकारों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए तेजप्रताप ने कुछ कलाकारों के शराब सेवन करने की बात कही। जब उनसे नाम पूछा गया तो उन्होंने पवन सिंह का नाम लेकर टिप्पणी की। उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया।

पवन सिंह ने लालू यादव के छुए पैर
इसी कार्यक्रम में एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में अलग चर्चा छेड़ दी। तेजप्रताप यादव अपने पिता और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान पवन सिंह ने लालू यादव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
एक ही मंच पर लालू यादव, तेजप्रताप यादव और पवन सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी खास बना दिया। एक ओर तेजप्रताप की पवन सिंह पर टिप्पणी चर्चा में रही, तो दूसरी ओर पवन सिंह का लालू यादव से आशीर्वाद लेना भी लोगों का ध्यान खींचता रहा।

तेजप्रताप बोले- मेरे काम से शो हुआ हिट
तेजप्रताप यादव ने कार्यक्रम और अपनी भूमिका को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है और उनकी पार्टी अपनी जगह, जबकि रियलिटी शो का अपना अलग क्षेत्र है।
उन्होंने दावा किया कि शो में उनके काम और मौजूदगी से कार्यक्रम को लोगों का ध्यान मिला और शो को लोकप्रियता हासिल हुई।

काजल राघवानी ने तेजप्रताप को बताया अच्छा दोस्त
भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी भी कार्यक्रम का हिस्सा रहीं। उन्होंने तेजप्रताप यादव के साथ अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया।
काजल के मुताबिक, शो के दौरान तेजप्रताप से उनकी पहली मुलाकात हुई। उन्होंने तेजप्रताप को जॉली स्वभाव का व्यक्ति बताया। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि तेजप्रताप ने उन्हें लड्डू गोपाल की प्रतिमा दी है, जिसे वह अपने साथ रखती हैं। उनका कहना था कि इससे उन्हें सकारात्मक ऊर्जा महसूस होती है।
आम्रपाली दुबे के साथ रिश्ते पर काजल ने दी सफाई
काजल राघवानी ने अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के साथ अपने संबंधों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं। काजल ने यह भी स्पष्ट किया कि रील लाइफ और रियल लाइफ में अंतर होता है।
वहीं, भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव को लेकर काजल राघवानी की ‘I MISS U’ वाली टिप्पणी भी चर्चा में रही।
सम्राट चौधरी के जाने पर तेजप्रताप का तंज
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी पहुंचे थे, लेकिन तेजप्रताप यादव के आने से पहले ही वह वहां से निकल गए। मुख्यमंत्री के पहले चले जाने को लेकर तेजप्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि शायद उन्हें उनके आने की जानकारी मिल गई होगी, इसलिए वह पहले ही कार्यक्रम से निकल गए।
तेजप्रताप ने युवाओं के मुद्दों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
मनोरंजन के मंच पर दिखा राजनीति का रंग
भोजपुरी बवाल के ग्रैंड फिनाले में भोजपुरी सिनेमा के सितारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ग्लैमर से भर दिया, लेकिन तेजप्रताप यादव की टिप्पणी ने इसे राजनीतिक सुर्खियों में ला दिया।
एक तरफ पवन सिंह का लालू यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लेना चर्चा में रहा, तो दूसरी तरफ तेजप्रताप द्वारा पवन सिंह पर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक बयानबाजी को हवा दे दी। भोजपुरी सिनेमा, रियलिटी शो और राजनीति के इस मेल ने कार्यक्रम को सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना दिया।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: सड़क पर ₹10 हजार के लिए झगड़ा, खुल गया नवजात की खरीद-फरोख्त का राज; 4.50 लाख की डील में माता-पिता समेत 5 गिरफ्तार!