बेगूसराय: सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर बेगूसराय के प्रसिद्ध बाबा हरिगिरि धाम में जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े कांवरिया श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मी के कथित अमानवीय व्यवहार का वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक सब इंस्पेक्टर श्रद्धालुओं पर डंडा चलाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला गढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित बाबा हरिगिरि धाम का है। सोमवार को यहां बड़ी संख्या में कांवरिया श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए पहुंचे थे। श्रद्धालुओं की लंबी कतार सड़क किनारे लगी हुई थी। इसी दौरान गढ़पुरा थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर किशन कुमार द्वारा कतार में खड़े कुछ कांवरियों पर डंडे से कार्रवाई किए जाने का वीडियो सामने आया।
वीडियो में पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ डंडे का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।
वीडियो वायरल होते ही SP ने लिया संज्ञान
मामला संज्ञान में आने के बाद बेगूसराय एसपी मनीष ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर किशन कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच बखरी डीएसपी को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि सावन की सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ सब इंस्पेक्टर किशन कुमार द्वारा अमानवीय व्यवहार किए जाने और डंडे से पिटाई किए जाने का वीडियो सामने आया था। वीडियो के आधार पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात थी पुलिस
बाबा हरिगिरि धाम में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और कांवरियों को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाती है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा श्रद्धालुओं पर डंडा चलाए जाने की तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तब पुलिसकर्मी को डंडे का इस्तेमाल करने की जरूरत क्यों पड़ी? हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सब इंस्पेक्टर के निलंबन के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: नालंदा में मिड-डे मील खाने के बाद 40 से अधिक बच्चे बीमार, ‘सर्फ मिलाने’ के आरोप पर जांच जारी!