बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला के बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात सेक्टर-12/E स्थित एक आवासीय क्वार्टर में हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला प्रमिला देवी और उनके 48 वर्षीय बेटे राजू कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घर से शोर-शराबे की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आरोपी बेटे राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को मां के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन की बोगी बेपटरी, सैकड़ों कांवड़ियों के बीच मची अफरा-तफरी!