मोतिहारी: जिले में बेखौफ चोरों ने अब मंदिर को निशाना बनाते हुए भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की अष्टधातु की कीमती मूर्तियों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई तीनों मूर्तियों को बरामद कर लिया है।
मामला पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र स्थित लखौरा मठ चौक के राम-जानकी मंदिर का है। बताया जा रहा है कि चोरों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी कर लीं।
सुबह जब मंदिर के महंत धनराज दास पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर का गेट खुला हुआ मिला और अंदर से भगवान की मूर्तियां गायब थीं। यह देखकर महंत के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जुट गए।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जमीन के अंदर मिलीं मूर्तियां
घटना की सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मठ के पास रहने वाले युवक आमोद साह को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लखौरा हाई स्कूल के पास एक घर के अंदर जमीन खोदकर छिपाई गई अष्टधातु की तीनों मूर्तियों को बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चोरी में 4 से 5 लोगों के शामिल होने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
तीन महीने से चल रही थी मंदिर की रेकी!
मंदिर के महंत धनराज दास ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक पिछले करीब तीन महीने से मंदिर की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि चोरी की पूरी साजिश कब और कैसे रची गई।
दो दिन पहले भी मंदिर में हुई थी चोरी
गौरतलब है कि मोतिहारी जिले में मंदिरों को निशाना बनाने की यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही केसरिया के प्रसिद्ध बाबा केशरनाथ मंदिर से चोर दानपेटी चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी।
महंत बोले- भगवान की चोरी चिंता का विषय
राम-जानकी मंदिर के महंत धनराज दास ने कहा कि अष्टधातु की मूर्तियां काफी पुरानी और श्रद्धा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि लोग भगवान की पूजा करते हैं, लेकिन अब चोर भगवान की मूर्तियों को भी नहीं छोड़ रहे हैं, जो बेहद चिंता की बात है।
SP ने कहा- जल्द खुलेगा पूरा नेटवर्क
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और चोरी गई मूर्तियां बरामद कर ली गई हैं। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
मोतिहारी की इस घटना ने एक बार फिर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरी के पीछे काम कर रहे पूरे गिरोह का पर्दाफाश करना है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: आधी रात गर्ल्स हॉस्टल में प्रिंसिपल और ड्राइवर की एंट्री पर बवाल, छपरा इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राओं ने उठाए सुरक्षा पर सवाल!