पटना: बिहार में रविवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज ने कई जिलों में तबाही मचा दी। बांका जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य झुलसकर घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।
बताया जाता है कि जिले के विभिन्न इलाकों में खेतों और खुले स्थानों पर काम कर रहे लोग अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए। एक घटना में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
इधर, राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। Sitamarhi में भारी वर्षा के कारण सदर अस्पताल परिसर में एक से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं बेगुसराई के भजनी मोहल्ला में 60 से अधिक घरों में पानी घुस गया है। लोगों को जलजमाव के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। कई सड़कों पर भी दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है।
राजधानी पटना समेत सुपौल, पूर्णिया, छपरा, मधेपुरा और बगहा में भी लगातार वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 से 6 अगस्त तक प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों में न रुकने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
राज्य में एक ओर जहां बारिश से गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में जलजमाव और वज्रपात की घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
ये खबर भी पढ़े: National News: दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर हमला, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चप्पल फेंकी, समर्थकों ने आरोपी को पीटा!