जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस विशेष शिविर के दूसरे और अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर में टेस्ट में सफल 122 आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया, जबकि 46 आवेदक निर्धारित टेस्ट में सफल नहीं हो सके।
परिवहन विभाग, झारखंड एवं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर आयोजित इस विशेष शिविर में कुल 168 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का ड्राइविंग टेस्ट लिया गया।
टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया गया। शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन जमा किए।
जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग के निर्देश और उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों, नगर निकायों और पंचायत स्तर पर चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को आसानी से ड्राइविंग लाइसेंस सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह के शिविर आगे भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग परिवहन विभाग की सेवाओं का लाभ उठा सकें।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand श्रावणी मेले में 34 सहायता केन्द्र बने ‘अपनों का पुल’… बिछुड़े कांवरियों को फिर मिल रही मुस्कान!