चाईबासा: इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा से सामने आया है, जहां एक मरीज के लिए खून की व्यवस्था कराने के नाम पर ठगी की गई। हालांकि पीड़ित की सतर्कता से आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सका और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मामला सदर अस्पताल चाईबासा का है। देवांव गांव निवासी बुगराम गोप की पत्नी ललिता गोप का अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने खून की व्यवस्था करने को कहा, जिसके बाद बुगराम गोप ब्लड बैंक पहुंचे। लेकिन वहां तत्काल रक्त उपलब्ध नहीं था।
इसी दौरान एक युवक ने उनसे संपर्क किया और जल्द खून उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। परिवार को उम्मीद बंधी कि अब मरीज को खून मिल जाएगा, लेकिन इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उनसे ₹4700 ले लिए और मौके से फरार हो गया।
ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन जब बुगराम गोप दोबारा ब्लड बैंक पहुंचे तो उनकी नजर उसी युवक पर पड़ी, जिसने उनसे पैसे लिए थे। उन्होंने तुरंत उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान संजय सोलंकी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अस्पतालों में मदद के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे देने से पहले सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: झारखंड की बेटियों का मिशन विश्व कप, नीदरलैंड रवाना हुई टीम, पहली बार एक साथ 4 खिलाड़ी करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व!