मुजफ्फरपुर: जिले में दो ढाबा संचालकों के बीच चल रही व्यावसायिक रंजिश ने ऐसा रूप ले लिया कि मामला मारपीट और अमानवीय व्यवहार तक पहुंच गया। एनएच किनारे स्थित दो ढाबों के संचालकों के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए कुछ लोग नजर आ रहे हैं।
घटना करजा थाना क्षेत्र के भागवतपुर स्थित एनएच-722 की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यूपी ढाबा और एमपी ढाबा संचालकों के बीच लंबे समय से कारोबार को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही थी। इसी विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि विवाद के दौरान यूपी ढाबा के संचालक और उनके कुछ सहयोगी मौके से निकल गए, लेकिन ढाबे के मैनेजर राम विनोद ठाकुर दूसरे पक्ष के हाथ लग गए। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति को लाठी और पाइप से पीटते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया गया। हालांकि पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है और घटना की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
यूपी ढाबा संचालक कर्नल प्रसाद यादव ने करजा थाना में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि एमपी ढाबा के संचालक देवेंद्र राय और उनके सहयोगियों ने होटल में पहुंचकर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और नकदी लेकर फरार हो गए।
वहीं, एमपी ढाबा संचालक देवेंद्र राय ने भी आरोप लगाया है कि यूपी ढाबा संचालक और उनके सहयोगियों ने उनके होटल में घुसकर मारपीट की और सामान को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस कर रही वीडियो की जांच
करजा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष राम एकबाल प्रसाद ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ढाबा कारोबार की प्रतिस्पर्धा में हुई इस घटना ने इलाके में चर्चा तेज कर दी है और अब सबकी नजर पुलिस की जांच पर टिकी है।
ये खबर भी पढ़े: Jharkhand: आयकर सर्वे में बड़ा खुलासा: रांची के दो बड़े रियल एस्टेट समूहों में 200 करोड़ की अघोषित आय का पता, टैक्स चोरी की जांच तेज!