सीतामढ़ी: बिहार में अंधविश्वास और पाखंड का एक ऐसा दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने मासूम बच्चों की सुरक्षा और पुलिस-प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत महादेवपट्टी गांव से बच्चों के साथ अमानवीयता और बर्बरता का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक कथित ‘तांत्रिक’ इलाज के नाम पर मासूम बच्चों का पैर पकड़कर हवा में बेरहमी से घुमाता और फिर उन्हें सीधे जमीन पर पटकता हुआ दिखाई दे रहा है।
4 साल से श्मशान में चल रहा था अंधविश्वास का धंधा
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान महादेवपट्टी निवासी रास नारायण महतो के पुत्र श्रवण भगत के रूप में हुई है। वह गांव के श्मशान परिसर में पिछले चार सालों से हर सोमवार और शुक्रवार को अंधविश्वास का यह खौफनाक दरबार सजाता था।
दावा किया जा रहा है कि जो मासूम बच्चे बोलने, चलने या किसी शारीरिक-मानसिक समस्या से ग्रस्त होते थे, उनके लाचार परिजन इलाज की आस में यहां आते थे। लेकिन झाड़-फूंक और दैवीय चमत्कार के नाम पर यह कथित तांत्रिक मासूमों की जान से खिलवाड़ करता था और उनके साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार करता था।
वीडियो वायरल होते ही आरोपी फरार, गांव में हड़कंप
सोशल मीडिया पर इस अमानवीय कृत्य की क्लिप वायरल होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक महकमे की नींद उड़ गई। मामला तूल पकड़ते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी कथित तांत्रिक श्रवण भगत पुलिस की भनक लगते ही मौके से चंपत हो गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और मामले के सभी कानूनी पहलुओं की पड़ताल में जुट गई है।
4 साल तक आंखें बंद किए क्यों सोया रहा प्रशासन?
इस खौफनाक घटना के सामने आने के बाद कई संगीन सवाल खड़े हो रहे हैं:
- श्मशान जैसे स्थान पर पिछले 4 साल से मासूमों के साथ यह अमानवीय कृत्य चल रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?
- 21वीं सदी में भी लाचार माता-पिता अपने मासूमों की जान जोखिम में डालकर ऐसे पाखंडी तांत्रिकों के चंगुल में फंसने को क्यों मजबूर हैं?
फिलहाल, ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने जिला प्रशासन से ऐसे ढोंगी-तांत्रिकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और इलाके में अंधविश्वास के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की पुरजोर मांग की है।
ये खबर भी पढ़े: CM सम्राट चौधरी के आगमन से पहले बड़ा हादसा; उद्घाटन से पहले भरभराकर गिरा भव्य स्वागत द्वार, मीडियाकर्मियों से उलझी पुलिस!