पटना: नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्थिक आसूचना ब्यूरो (EIB) और जिला उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने आगमकुआं थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नकली शराब बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने गंगा प्रदूषण रोड स्थित बड़ी पहाड़ी इलाके में एक बंद गोदाम पर धावा बोला। गोदाम का शटर खुलते ही अंदर नकली शराब तैयार करने का पूरा सेटअप देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। इसमें 45 लीटर स्पिरिट, हजारों की संख्या में खाली शराब की बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के रैपर, करीब 3,750 ढक्कन और बारकोड लगे होलोग्राम स्टिकर शामिल हैं।
बरामद सामान में रॉयल चैलेंज, 8 PM, रॉयल ग्रीन, मैकडॉवेल नंबर-1 और सीग्राम क्वालिटी जैसे चर्चित ब्रांडों के रैपर मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि गिरोह नामी कंपनियों के नाम पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी में था।
बंद गोदाम में चल रहा था नकली शराब का खेल
जानकारी के अनुसार, EIB की टीम को अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। इसके बाद पटना जिला उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम बनाई गई और बड़ी पहाड़ी स्थित गोदाम में छापेमारी की गई।
हालांकि कार्रवाई के दौरान गोदाम में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो चुके थे। टीम ने पूरे गोदाम को सील कर दिया है।
फरार तस्करों की तलाश तेज
उत्पाद विभाग ने मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली शराब का यह कारोबार कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों का मानना है कि बरामद सामान से बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पटना में नकली शराब के खिलाफ हुई यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।