लखीसराय: जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चल रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।
बताया गया कि संपूर्णता अभियान 2.0 का संचालन 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की शुरुआत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जनवरी 2023 में की गई थी, जिसका उद्देश्य विकास के मानकों में पिछड़े प्रखंडों को तेजी से आगे बढ़ाना है। देश के 513 प्रखंडों में से बिहार के 27 जिलों के 61 प्रखंडों का चयन किया गया है, जिसमें लखीसराय जिले का सूर्यगढ़ा प्रखंड भी शामिल है।
Bihar News : महिला दिवस पर शेखोपुरसराय में बेटियों का दमदार प्रदर्शन, मैराथन में दिखा जोश और जज्बा!
कार्यक्रम के अंतर्गत पाँच प्रमुख प्रक्षेत्र — स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबंधित क्षेत्र, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास — को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों से जुड़े कुल 38 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (Key Performance Indicators) पर कार्य किया जा रहा है। संपूर्णता अभियान 2.0 में बच्चों के पोषण स्तर, आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यक्षमता, कार्यात्मक शौचालय एवं पेयजल सुविधा, विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालय और पशुओं के लिए FMD टीकाकरण जैसे प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर ऐसे स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची तैयार की जाए, जहाँ शौचालय एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। साथ ही FMD टीकाकरण के लिए कार्यरत निजी वैक्सीनेटरों की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, अवर योजना पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित आकांक्षी प्रखंड से संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
