कटिहार: जिले के सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मौके पर पहुंचे जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों को शांत रहने की अपील करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि ईमेल के जरिए मिली धमकी को गंभीरता से लिया गया है। मामले को साइबर थाने में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और ईमेल भेजने वाले की पहचान कर उसे ट्रेस किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में जहां-जहां लोगों की आवाजाही अधिक है, वहां सघन जांच की जा रही है। डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दोषी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : 48 घंटे में बिहार को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, शपथ ग्रहण में प्रधानमंत्री के शामिल होने के आसार!
कटिहार से सुमन शर्मा की रिपोर्ट…