लखीसराय: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने लखीसराय के बाबा अशोकधाम मंदिर में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सरकारी तंत्र की घोर विफलता बताया है। उन्होंने घटना में श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
जयप्रकाश नारायण यादव ने अपने बयान में कहा कि अशोकधाम में हुई घटना बेहद हृदयविदारक है। जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल
राजद नेता ने बिहार सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सावन की सोमवारी पर हर साल भारी भीड़ उमड़ती है। इसके बावजूद सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने पूछा कि जब प्रशासन को लाखों श्रद्धालुओं के आने की जानकारी थी, तो बिजली व्यवस्था की निगरानी और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद स्थिति को संभालने में भी प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ। यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था की ओर इशारा करती है।
न्यायिक जांच और कार्रवाई की मांग
जयप्रकाश नारायण यादव ने राज्य सरकार से पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि हादसे से प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता और घायलों को बेहतर इलाज की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
राजद नेता ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: अशोकधाम भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल; प्रशासन ने जारी की मृतकों और घायलों की सूची!
