गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां शराबबंदी के बावजूद सड़क हादसे के बाद खुलेआम शराब की लूट मच गई। मामला भोरे थाना क्षेत्र के भोरे-कटेया मुख्य पथ का है।
शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार, जो उत्तर प्रदेश नंबर की बताई जा रही है, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही लोगों को पता चला कि कार में अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई हैं, मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने गाड़ी से शराब की बोतलें निकालनी शुरू कर दीं और देखते ही देखते ज्यादातर शराब गायब हो गई।
सूचना मिलने पर भोरे थानाध्यक्ष संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक गाड़ी लगभग खाली हो चुकी थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन और कुछ बची हुई शराब को जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और शराब तस्करों की पहचान में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार में शराबबंदी के बीच अवैध शराब के नेटवर्क और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : मोतिहारी में भीड़ बनी जज, युवक को रस्सी से बांधकर की पिटाई!