बेतिया: बैरिया प्रखंड में बाढ़ प्रभावित इलाकों के जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने ही बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश सामने आ गया। मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। इसके बाद वे पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय, बथना में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर पहुंचे और वहां रह रहे पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री के सामने ही कुछ बाढ़ पीड़ितों ने राहत व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। इसी दौरान स्थानीय सांसद और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। आक्रोशित लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें घेरने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री कुछ देर तक वहां मौजूद रहने के बाद रवाना हो गए। इसके बाद राहत शिविर में मौजूद लोगों का आक्रोश और तेज हो गया। स्थिति को देखते हुए सांसद डॉ. संजय जायसवाल और नरकटियागंज विधायक को कुछ समय के लिए स्कूल परिसर में ही रुकना पड़ा।
सांसद की गाड़ी पर फेंका गोबर
मुख्यमंत्री के जाने के बाद जब सांसद को सुरक्षा के बीच उनकी गाड़ी तक ले जाया जा रहा था, तब भी लोगों का विरोध जारी रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सांसद को वाहन तक पहुंचाया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने उनकी गाड़ी पर गोबर फेंक दिया और वाहन पर हाथ भी मारा।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और कड़ी सुरक्षा के बीच सांसद को वहां से बाहर निकाला। घटना के दौरान काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
राहत व्यवस्था को लेकर क्यों नाराज हैं लोग?
पूरे घटनाक्रम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिन लोगों के लिए राहत शिविर बनाए गए हैं, उन्हीं के बीच मुख्यमंत्री के सामने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ इस तरह का आक्रोश सामने आना स्थानीय स्तर पर नाराजगी की ओर संकेत करता है। हालांकि, पीड़ितों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं हुई है।
बाढ़ के बीच राहत, भोजन, आवास और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे में बथना राहत शिविर में हुआ यह घटनाक्रम अब चर्चा का विषय बन गया है।
ये खबर भी पढ़े: सुरक्षित गर्भपात देखभाल में बरबीघा की पहचान, डॉ. फैसल अरशद समेत चार स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित!
बेतिया से अजय शर्मा की रिपोर्ट…