पटना/बाँका: बिहार के बाँका शहर के लकड़ीकोला स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार देर रात छात्र-छात्रा से जुड़े विवाद को लेकर जमकर हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि कॉलेज परिसर में दो गुट आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
जानकारी के मुताबिक कुछ छात्रों ने एक छात्र और छात्रा को कथित आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद आक्रोश फैल गया। छात्र इस मामले की शिकायत लेकर प्राचार्य के पास पहुंचे, लेकिन कार्रवाई में देरी के आरोप लगाते हुए नाराज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज प्रशासन ने तुरंत जिला प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर राजकुमार और अमर विश्वास भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन ने आरोपी छात्र को सस्पेंड करने की घोषणा की, जिसके बाद मामला शांत हुआ और छात्रों ने गेट का ताला खोल दिया।
हालांकि, इसी बीच कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में एक मैसेज वायरल हो गया, जिसमें हंगामा करने वाले छात्रों के परीक्षा में नंबर काटने की बात कही गई। इस संदेश के बाद छात्र फिर भड़क उठे और दोबारा विरोध शुरू हो गया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया।
कॉलेज प्रबंधन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को अनुशासनात्मक समिति की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें सभी पक्षों की बात सुनकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
एसडीएम राजकुमार ने बताया कि फिलहाल आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : सीजफायर पर अमेरिका पर बरसे जीतन राम मांझी, ट्रंप को बताया खतरनाक सोच वाला!