जमशेदपुर: शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले कॉलेज में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक छात्र किताब-कॉपी की जगह अपने बैग में पिस्तौल और जिंदा कारतूस लेकर क्लासरूम पहुंच गया। मामला जमशेदपुर के श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज का है, जहां छात्रों ने क्लास के अंदर ही हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आते ही पूरे कॉलेज कैंपस में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि छात्र आपसी विवाद के बाद अपनी धाक जमाने के लिए हथियार लेकर आया था। क्लासरूम में पीछे बैठकर दोस्तों के साथ उसने रील बनाई, जिसके वायरल होते ही मामले का खुलासा हुआ।
सूचना मिलने के बाद प्रिंसिपल और शिक्षकों ने पूरे कॉलेज में जांच अभियान चलाया। पहले छात्रों से जानकारी मांगी गई और चेतावनी दी गई कि नाम नहीं बताने पर पूरी क्लास पर कार्रवाई होगी। इसके बाद तीन छात्रों—हिमांशु, प्रेम और हर्ष मिश्रा—के नाम सामने आए।
कॉलेज प्रबंधन ने तीनों छात्रों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और निष्कासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रिंसिपल एस.सी. महतो ने बताया कि मुख्य आरोपी हिमांशु (कक्षा 12 विज्ञान) हाल ही में हुए झगड़े के बाद हथियार बैग में छुपाकर लाया था।
हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है। प्रिंसिपल का कहना है कि पुलिस केस होने पर छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए फिलहाल आंतरिक कार्रवाई की गई है।
वहीं आरोपी छात्र ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि किसी के कहने पर उसने बैग में हथियार रखा था और बाद में उसे स्कूल के बाहर वापस कर दिया गया।
इस घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में डर का माहौल है और कोई भी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। सवाल उठ रहा है कि आखिर छात्रों के पास हथियार कैसे पहुंच रहे हैं और स्कूल-कॉलेजों में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है। अगर समय रहते मामला सामने नहीं आता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
यह घटना न केवल शिक्षा व्यवस्था बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : NEET परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, 30 आरोपी—DM-SP ने खोले राज!