लखीसराय: मंडल कारा लखीसराय में 16 अप्रैल 2026 की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला प्रशासन की टीम ने अचानक औचक निरीक्षण कर दिया। यह पूरी कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस के कई वरीय अधिकारी और भारी संख्या में सुरक्षा बल शामिल रहे।
जानकारी के मुताबिक, टीम में 2 उप पुलिस अधीक्षक (Dy. SP), 6 पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और करीब 40 जवान मौजूद थे। सभी ने मिलकर जेल के हर वार्ड, बैरक और संवेदनशील जगहों की बारीकी से तलाशी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से कैदियों के बीच हलचल तेज हो गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ नजर आई।
तलाशी के दौरान कैदियों के सामान तक को खंगाला गया। हालांकि, इस पूरे ऑपरेशन में कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ। प्रशासन ने इसे सुरक्षा व्यवस्था के मजबूत होने का संकेत बताया है।
सूत्रों के अनुसार, यह औचक निरीक्षण सिर्फ एक रूटीन चेक नहीं बल्कि सुरक्षा व्यवस्था की असली स्थिति जानने के लिए किया गया था। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आगे भी इस तरह की अचानक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जेल के अंदर अनुशासन और सुरक्षा पूरी तरह कायम रहे।
ये खबर भी पढ़े: Bihar News : घर बैठे जमीन गायब, लखीसराय में ऐसा खेल… सुनकर आप भी चौंक जाएंगे!
