गया: भगवान बुद्ध की धरती पर शांति और करुणा का संदेश देने वाले धार्मिक स्थल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने व्यवस्था और सामाजिक व्यवहार दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गया के गुरपा पहाड़ पर पूजा-अर्चना के बाद जब विदेशी बौद्ध भिक्षु गरीबों के बीच प्रसाद बांटने लगे, तो ग्रामीणों की भीड़ खाने-पीने की सामग्री लेने के लिए टूट पड़ी। देखते ही देखते वितरण स्थल पर अफरातफरी मच गई। हालात ऐसे बने कि विदेशी बौद्ध भिक्षुओं को पीछे हटना पड़ा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग बिस्किट, केक, फल और अन्य खाद्य सामग्री लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलते दिखाई दे रहे हैं। कई लोग सामान उठाकर वहां से जाते नजर आ रहे हैं। जिस वितरण का उद्देश्य जरूरतमंदों तक प्रसाद पहुंचाना था, वहां अचानक अव्यवस्था का माहौल बन गया।
वियतनाम से आए थे बौद्ध भिक्षु, पूजा के बाद बांट रहे थे प्रसाद
जानकारी के अनुसार, वियतनाम से बोधगया आए बौद्ध भिक्षु गुरुवार की सुबह गुरपा पहाड़ पहुंचे थे। पहाड़ की चोटी पर स्थित भगवान बुद्ध के प्राचीन स्तूप और उनके शिष्य महाकाश्यप से जुड़े धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना की गई। ये भिक्षु बोधगया में आयोजित कठिन चीवर दान कार्यक्रम में शामिल होने के बाद गुरपा पहाड़ पहुंचे थे।
पूजा के दौरान भगवान को बिस्किट, केक, फल और अन्य खाद्य सामग्री अर्पित की गई थी। पूजा समाप्त होने के बाद भिक्षु इन सामग्रियों को गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच वितरित कर रहे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए।
प्रसाद वितरण बना अफरातफरी का दृश्य
प्रसाद लेने की होड़ में लोग एक-दूसरे से आगे निकलने लगे। वितरण स्थल पर भीड़ बढ़ती गई और सामान लेने की कोशिश में अव्यवस्था फैल गई। वायरल वीडियो में खाद्य सामग्री उठाने की आपाधापी दिखाई दे रही है। स्थिति बिगड़ने पर विदेशी बौद्ध भिक्षु पीछे हटते नजर आए।
बुद्ध की धरती पर व्यवस्था और व्यवहार पर सवाल
गुरपा पहाड़ बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। पर्यटन सीजन में यहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब विदेशी श्रद्धालु गरीबों की मदद के उद्देश्य से खाद्य सामग्री बांटते हैं, तो वितरण के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं की जाती?
क्या स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरण नहीं कराया जा सकता था? आखिर कब तक धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भीड़ प्रबंधन की कमी ऐसी तस्वीरें सामने लाती रहेगी?
यह घटना सिर्फ प्रसाद लेने की होड़ नहीं, बल्कि व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करती है। भगवान बुद्ध की धरती से दुनिया को शांति, करुणा और संयम का संदेश मिलता है। ऐसे स्थान पर इस तरह की अफरातफरी निश्चित रूप से चिंता का विषय है।