सहरसा: मां उग्रतारा की भक्ति जब संगीत के सुरों से मिली तो मंच पर आस्था और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। महिषी के राजकमल क्रीड़ा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय श्री मां उग्रतारा महोत्सव के समापन समारोह में बाल कलाकार कृतिका झा ‘मिष्टी’ ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया।
पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन मिष्टी ने ‘जयन्ती मंगला काली…’, ‘जय काली जय काली…’ और ‘शिव शिव शंकर, हर हर शंकर…’ जैसे भक्ति गीतों पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मिष्टी की प्रस्तुति के दौरान दर्शक तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाते रहे। जैसे ही नृत्य समाप्त हुआ, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। छोटी उम्र में कला के प्रति उनका समर्पण और मंच पर आत्मविश्वास लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि महोत्सव के मंच पर स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिला। मिष्टी की प्रस्तुति ने साबित किया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी सशक्त मंच हैं। मां उग्रतारा की नगरी में भक्ति, संस्कृति और स्थानीय कला का यह संगम दर्शकों के लिए यादगार बन गया।
ये खबर भी पढ़े: लखीसराय को मिली बड़ी सांस्कृतिक सौगात; PM मोदी ने किया अटल कला भवन का उद्घाटन, कलाकारों और युवाओं को मिलेगा नया मंच!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…