पटना: बिहार की राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो आयु वर्गों का खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में मगध प्रमंडल विजेता बना, जबकि अंडर-19 वर्ग का खिताब पटना प्रमंडल ने जीता।
खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला प्रशासन, पटना की मेजबानी में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल प्रतियोगिता के मुकाबले पाटलिपुत्र खेल परिसर स्थित इंडोर हॉल में खेले गए। शुक्रवार को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।
अंडर-14 फाइनल में मगध ने पटना को 29-25 से हराया
बालिका अंडर-14 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में मगध प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को कड़े संघर्ष में 29-25 अंकों से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। मगध की डौली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 16 अंक बनाए। वहीं पटना प्रमंडल की तनवी ने 10 अंक अर्जित किए।
इस आयु वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 16-02 अंकों से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-17 में भी मगध का जलवा, पटना को 35-26 से दी शिकस्त
अंडर-17 आयु वर्ग के फाइनल में भी मगध प्रमंडल ने अपना दबदबा कायम रखा। मगध की टीम ने पटना प्रमंडल को 35-26 अंकों से हराकर लगातार दूसरे आयु वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
मगध की अवंतिका ने अपनी टीम के लिए 14 अंक बनाए, जबकि पटना की अनुषका ने 08 अंक अर्जित किए। तीसरे स्थान के मुकाबले में भागलपुर प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 14-02 अंकों से हराया।
अंडर-19 में पटना ने मगध को 40-16 से हराकर जीता खिताब
बालिका अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में पटना प्रमंडल ने शानदार खेल दिखाते हुए मगध प्रमंडल को 40-16 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ पटना ने प्रतियोगिता का तीसरा खिताब अपने नाम किया।
पटना प्रमंडल की जुडिथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 अंक बनाए। वहीं मगध प्रमंडल की श्रेया ने अपनी टीम के लिए 08 अंक अर्जित किए। इस आयु वर्ग में तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 18-04 अंकों से हराया।
विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
फाइनल मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण-सह-समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक रविन्द्र नाथ चौधरी, उपनिदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, प्रभारी पदाधिकारी चंदन कुमार सिंह एवं जिला खेल पदाधिकारी, पटना जयनारायण कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में सभी अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ एनआईएस प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने किया।
निर्णायकों और आयोजन से जुड़े लोगों का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर चंदन कुमार सिंह के साथ प्रतियोगिता के निर्णायकों अभिजित यादव, त्रिलोकी पाठक, राजीव कुमार बाबला, अनिल कुमार, दीपक कुमार, योगेश कुमार, प्रिंस कुमार, अमरदीप कुमार, विवेक कुमार, रौनित कुमार, अभिषेक कुमार, सूरज कुमार, सुधांशु रंजन, रोहित राज एवं रोहित कुमार को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कल्याणी देवी, ती रागिनी रानी सहित विभिन्न प्रमंडलों के प्रशिक्षक और टीम प्रभारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल ने दो आयु वर्गों में चैंपियन बनकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं अंडर-19 में पटना प्रमंडल की जीत ने मुकाबले को यादगार बना दिया।
ये खबर भी पढ़े: विश्व बाल दिवस पर नाथ पब्लिक स्कूल में उत्सव का माहौल, बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी किया सामूहिक भोज!