लखीसराय: जिले के बड़हिया की होनहार बेटी आंचल कुमारी ने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बड़हिया निवासी दिनेश साव की पुत्री आंचल कुमारी का 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी चैंपियनशिप 2026 की तैयारी के लिए आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी कैंप में चयन किया गया है। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
राष्ट्रीय कैंप में शामिल होने के लिए आंचल कुमारी सोमवार की सुबह नालंदा जिले के राजगीर स्थित न्यू स्टेडियम के लिए रवाना हो गईं। यहां आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वह अन्य चयनित खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करेंगी। कैंप से लौटने के बाद आंचल कुमारी 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में बिहार की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
आंचल का राष्ट्रीय स्तर के कैंप के लिए चयन होना उनकी खेल प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है। छोटे शहर बड़हिया से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में यह उपलब्धि जिले की अन्य उभरती हुई महिला खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस उपलब्धि पर लखीसराय जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश, सचिव कृष्णदेव प्रसाद यादव, चेयरमैन शंभु कुमार, संयुक्त सचिव सुनील कुमार शर्मा तथा संरक्षक डॉ. रूपा सिंह, डॉ. कुमार अमित, डॉ. पंकज कुमार एवं मुकेश कुमार ने आंचल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कबड्डी संघ के पदाधिकारियों ने आंचल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन से बिहार का नाम रोशन करेंगी। आंचल की इस उपलब्धि से बड़हिया सहित पूरे लखीसराय जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है।
ये खबर भी पढ़े: बिहार की महिला तीरंदाजों का दमदार प्रदर्शन, महाराष्ट्र और पंजाब को हराया; अब कांस्य पदक पर नजर!
