लखीसराय: बिहार विद्यालय रात्रि प्रहरी कर्मचारी संघ जिला इकाई, लखीसराय के बैनर तले बुधवार को समाहरणालय लखीसराय के प्रांगण में एक दिवसीय विशाल शांतिपूर्ण भूख हड़ताल सह धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में जिले भर के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सैकड़ों रात्रि प्रहरी शामिल हुए। अपनी मांगों के समर्थन में आक्रोशित कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम के दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष कपिलदेव यादव और जिला सचिव अभय कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। संघ ने जिलाधिकारी के माध्यम से बिहार सरकार से गुहार लगाई है कि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र विचार कर ठोस कदम उठाए जाएं।
संघ द्वारा सौंपी गई मुख्य मांगों में रात्रि प्रहरियों की सेवा अवधि 60 वर्ष तक नियमित करने तथा उनकी सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) संधारित करने का मुद्दा शामिल है। इसके अलावा, पिछले 11 महीनों से लंबित पड़े मानदेय का भुगतान CFMS प्रणाली के माध्यम से सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।
संघ ने 12 घंटे की ड्यूटी के आधार पर न्यूनतम मानदेय तय करने, आकस्मिक व मेडिकल अवकाश प्रदान करने, ईपीएफ (EPF) तथा बीमा योजना से जोड़ने की बात कही है। साथ ही रात के समय सुरक्षा कार्य को सुचारू बनाने के लिए वर्दी, जूते और टॉर्च जैसी बुनियादी सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों के परिवारों के सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
ये खबर भी पढ़े: अररिया में जाली नोटों के बड़े रैकेट का भांडाफोड़; ₹2.17 लाख के नकली नोटों के साथ वार्ड सदस्य गिरफ्तार, सिलीगुड़ी से जुड़ा है नेटवर्क!
