मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के SKMCH परिसर में शुक्रवार को दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन स्नैचिंग की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम हाउस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहीं महिला गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. मधुलता सिंह के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
डॉ. मधुलता सिंह SKMCH के MCH विभाग में गायनेकोलॉजिस्ट हैं। शुक्रवार दोपहर वह डॉक्टर्स कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास से पैदल ड्यूटी के लिए जा रही थीं। पोस्टमार्टम हाउस के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से SKMCH के गेट नंबर-3 की ओर भाग निकले।
CCTV में दिखा बदमाशों का हुलिया
CCTV फुटेज में दोनों बदमाश काले और मैरून रंग की अपाचे बाइक पर नजर आ रहे हैं। बाइक चला रहे बदमाश ने काला हेलमेट और सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने काली टोपी और सफेद टी-शर्ट पहनी थी। उसके कंधे पर हरे रंग का गमछा भी दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही SKMCH ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ओपी प्रभारी पिंटू कुमार के अनुसार, घटनास्थल के अलावा अस्पताल परिसर और आसपास के रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों के भागने के रास्ते को ट्रैक कर उनकी पहचान करने में जुटी है।
256 गार्ड, पुलिस ओपी… फिर भी बदमाश बेखौफ!
SKMCH परिसर में सुरक्षा के लिए निजी एजेंसी के 256 सुरक्षा गार्ड तैनात होने की जानकारी है। इसके अलावा परिसर के भीतर पुलिस ओपी भी संचालित है और SDPO नगर-2 का कार्यालय भी इसी कैंपस में स्थित है।
इसके बावजूद अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर से चेन छीनकर बदमाशों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों और महिला स्वास्थ्यकर्मियों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
डॉक्टरों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और CCTV निगरानी को प्रभावी बनाने की मांग उठ रही है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।
ये खबर भी पढ़े: धान के खेत में बिछा था मौत का जाल, करंट की चपेट में पति-पत्नी समेत 3 की मौत!