लखीसराय: जीविका के 20 साल पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को नगर भवन, लखीसराय में जेडीयू की ओर से ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की थीम “बापू के सपनों, नायिका सम्मान और परिवर्तन की पहचान” रखी गई थी। सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जीविका दीदियों और नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का चादर और बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीविका दीदी सुमन वर्मा ने की, जबकि संचालन जेडीयू जिलाध्यक्ष रामानुज शर्मा ने किया। बड़ी संख्या में जीविका दीदियां कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में ललन सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान गांधी जी के विचारों, महिला सम्मान, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रप्रेम पर चर्चा हुई।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जीविका दीदियों के पिछले 20 वर्षों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संगठन से जुड़ाव और निरंतर भागीदारी बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर सादगी, नारी सम्मान, स्वच्छता और राष्ट्रहित जैसे मूल्यों के प्रति जागरूक रहना समाज और देश के हित में है।
कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी को प्रमुखता दी गई। वक्ताओं ने जीविका के माध्यम से महिलाओं के समूह निर्माण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी जैसे विषयों पर भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के जरिए गांधी जयंती और जीविका के 20 वर्षों की यात्रा को एक साथ जोड़कर महिला भागीदारी और सामाजिक बदलाव के मुद्दों पर चर्चा की गई।
ये खबर भी पढ़े: साई कॉलेज में गांधी पर चर्चा, नई तालीम से लेकर नैतिक शिक्षा तक हुआ मंथन!
