शेखपुरा: हथियामा थाना क्षेत्र में टाटी पुल के पास मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव आम के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही हथियामा थानाध्यक्ष वैभव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
साइबर डीएसपी ज्योति कुमारी के अनुसार, शुरुआती तौर पर घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने किसी अंतिम निष्कर्ष से पहले सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
फोरेंसिक टीम करेगी जांच
मामले की विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ महिला की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जानकारी लेने में जुटी है।
आसपास के गांवों में भेजी गई तस्वीर
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने महिला की तस्वीर आसपास के 5-6 गांवों में भेजी है, ताकि स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होने के बाद उसके परिवार और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाने में भी मदद मिलेगी। फिलहाल फोरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
ये खबर भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में ज्वेलरी दुकान में लूट, ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाश; पिस्टल दिखाकर 2.50 लाख का सोना ले उड़े!
