बेगूसराय: बेगूसराय के एक होटल में युवती के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और वीडियो वायरल किए जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। बेगूसराय पुलिस और विशेष जांच टीम (SIT) ने उसे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर इलाके से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी के बाद बेगूसराय लाए जाने के दौरान पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गया। उसे पहले बछवाड़ा के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया।
मोहिउद्दीन नगर में छिपे होने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, मामले में पहले गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित के समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
रोहित को बेगूसराय लाने के दौरान सुल्तानपुर के पास उसने वाहन रोकने की कोशिश की और फिर कथित तौर पर कूदकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान गिरने से उसके पैर के घुटने में चोट लग गई। एसपी मनीष के अनुसार, चोट गोली लगने से नहीं बल्कि गिरने के कारण हुई है।
पहले ही गिरफ्तार हो चुका है एक अन्य आरोपी
इस मामले में पुलिस ने रोहित के रिश्ते में जीजा बताए जा रहे विक्रम कुमार सहनी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
होटल कांड के बाद वायरल हुआ था वीडियो
मामला 27 सितंबर को सामने आया था। पीड़िता की शिकायत के बाद 28 सितंबर को नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत में होटल में कथित दुष्कर्म, मारपीट और घटना का वीडियो बनाए जाने तथा प्रसारित किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पूरे क्रम, वीडियो के प्रसार और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक और पुलिस जांच के बाद ही होगी।
ये खबर भी पढ़े: बेगूसराय के होटल में युवती से दुष्कर्म का आरोप, मारपीट का वीडियो वायरल; आरोपी की तलाश में छापेमारी!