मुजफ्फरपुर: सकरा थाना क्षेत्र के सीहो चौक स्थित गणपति लक्ष्मी ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर करीब 2.50 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में आक्रोश है।
गहने देखने के बहाने दुकान में घुसे
पीड़ित दुकानदार बालाजी सोनी के अनुसार, एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे नथिया और कान की बाली समेत अन्य गहने दिखाए। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर उन्हें धमकाया और साथी के साथ आभूषण लेकर दुकान से निकल गया।
दुकानदार के मुताबिक, बदमाश करीब 2.50 लाख रुपये मूल्य का सोना लेकर फरार हुए हैं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बाइक से आए थे दो बदमाश
सकरा एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधी दुकान में पहुंचे थे। दोनों ने पहले आभूषण दिखाने को कहा। गहने निकालकर देने के बाद बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर दुकानदार को धमकाया और आभूषण लेकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण ले जाने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये खबर भी पढ़े: गोपालगंज में टूटा जमींदारी बांध, गंडक का पानी गांवों में घुसा; सारण तटबंध पर बढ़ा दबाव!