समस्तीपुर: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंह से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में कुछ युवकों द्वारा एक लड़की के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो कब का है और उसमें दिखाई दे रही घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
कर्पूरीग्राम थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ जारी है और मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी घटना को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना के पूरे संदर्भ और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस अब वीडियो के स्रोत, घटना के समय और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
ये खबर भी पढ़े: जमुई कांड के आरोपी हरेराम की कोर्ट में पेशी, बाहर निकलते ही अधिवक्ता ने जड़ा थप्पड़; मचा हंगामा!