जमुई: नाबालिग छात्रा से कथित बदसलूकी के मामले में आरोपी हरेराम यादव की बुधवार को जमुई कोर्ट में पेशी के बाद न्यायालय परिसर में अचानक माहौल गरमा गया। पुलिस सुरक्षा में आरोपी को बाहर ले जाया जा रहा था, तभी अधिवक्ता आकाश पांडे उसके पास पहुंचे और उसे थप्पड़ मार दिया। घटना कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
‘आक्रोश था, इसलिए थप्पड़ मारा’
घटना के बाद अधिवक्ता आकाश पांडे ने थप्पड़ मारने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि जमुई की घटना को लेकर उनके मन में काफी आक्रोश था और इसी वजह से उन्होंने आरोपी पर हाथ उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कदम पर कानून जो कार्रवाई करेगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।
पुलिस ने संभाला मामला, आरोपी को सुरक्षित ले गई
थप्पड़ की घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर आरोपी को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। रिपोर्टों के अनुसार, अन्य अधिवक्ताओं की ओर से भी आरोपी के खिलाफ नाराजगी सामने आई।
आरोपी की पैरवी से भी दूरी
जमुई जिला विधिज्ञ संघ की ओर से आरोपियों की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और अदालत में आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
घटना के बाद फिर गरमाया जमुई मामला
19 सितंबर की कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में कई आरोपियों पर कार्रवाई हुई है और जांच जारी है।
ये खबर भी पढ़े: जमुई कांड पर शेखपुरा में गरजी युवा कांग्रेस, CM का पुतला फूंका; बेटियों की सुरक्षा पर सरकार को घेरा!