सहरसा: आरपीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा वाशिंगपिट पहुंची खाली ट्रेन के एसी कोच से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जब्त 44 बोतलों की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, मौके से किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
आरपीएफ के अनुसार, 22 सितंबर को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15566 से विदेशी शराब छिपाकर लाई जा रही है। इसके बाद आरपीएफ ने ट्रेन की सहरसा तक गुप्त निगरानी की। 23 सितंबर की सुबह खाली रेक सहरसा पहुंचने के बाद जवानों ने एसी कोचों पर नजर बनाए रखी।
वाशिंगपिट पहुंचने पर बी-1 और बी-2 कोच की जांच की गई। सीटों के नीचे संदिग्ध बैग और झोले मिले। तलाशी लेने पर इनमें विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब में रॉयल स्टैग की 10, ब्लेंडर्स प्राइड की 6 और सिग्नेचर की 28 बोतलें शामिल हैं। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं।
आरपीएफ ने शराब जब्त कर फर्द तैयार की और आगे की कार्रवाई के लिए सहरसा उत्पाद विभाग को सूचना दी। बाद में जब्त शराब और संबंधित कागजात उत्पाद विभाग को सौंप दिए गए। आरपीएफ तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये खबर भी पढ़े: सहरसा में स्वच्छता भुगतान पर सवाल, मुखिया पर फर्जी भुगतान का आरोप; डीएम को ज्ञापन!
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट…