लखीसराय: शहर के पुरानी बाजार स्थित राज चित्र मंदिर में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे दर्शकों को मंगलवार को एक अलग ही अनुभव मिला। 2:40 बजे का शो समाप्त होने के बाद सिनेमा हॉल से बाहर निकले दर्शकों का शिवम हींग एंड पापड़ की ओर से हनुमान चालीसा, लड्डू और पानी की बोतल देकर स्वागत किया गया। फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है।
नया बाजार-कबैया रोड निवासी एवं शिवम हींग एंड पापड़ के निदेशक सुमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रिंस राज, कृष राज, अनंत राज सहित टीम के सदस्यों ने फिल्म देखकर निकल रहे प्रत्येक दर्शक को हनुमान चालीसा, लड्डू और पानी भेंट किया। अचानक हुए इस स्वागत से दर्शक भी उत्साहित नजर आए।
फिल्म के बाद भक्ति का संदेश लेकर लौटे दर्शक
सुमित गुप्ता ने बताया कि फिल्म के दर्शकों का स्वागत करने का उद्देश्य आस्था और सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने नीम करौली बाबा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से परिवार को सुख, शांति और समृद्धि मिली है।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली की शिक्षाओं और आस्था से प्रेरणा लेते हुए लोगों के बीच सेवा एवं सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
दर्शकों ने पहल की सराहना की
फिल्म देखकर बाहर निकले दर्शकों को जब हनुमान चालीसा, लड्डू और पानी दिया गया तो उन्होंने इस पहल की सराहना की। राज चित्र मंदिर के प्रोपराइटर और कर्मचारियों ने भी शिवम हींग एंड पापड़ की टीम के प्रति आभार जताया।
इस दौरान सुमित कुमार गुप्ता, प्रिंस राज, कृष राज, अनंत राज सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़े: 25 सितंबर को मनेगी अनंत चतुर्दशी, भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व!
