किशनगंज: किशनगंज के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में बकरी चोरी के आरोप ने देखते ही देखते ऐसा रूप ले लिया कि पुलिस को भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। रंगी चौक फाराबाड़ी के पास ग्रामीणों ने बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया, लेकिन उन्हें थाने ले जाने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम से ही उलझना शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई तथा सरकारी पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
गश्ती दल को मिली थी मारपीट की सूचना
किशनगंज पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम पुलिस गश्ती दल को सूचना मिली कि रंगी चौक फाराबाड़ी के पास ग्रामीणों ने दो युवकों को बकरी चोरी के आरोप में पकड़ रखा है और उनके साथ मारपीट की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से अलग किया और उन्हें सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाने ले जाने की कोशिश शुरू की।
आरोपियों को ले जा रही पुलिस से भिड़ गए लोग
पुलिस का आरोप है कि दोनों युवकों को थाने ले जाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 262/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की।
एसपी के निर्देश पर पांच गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बबुल कुमार सिंह, श्याम कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार सिंह, कौरव कुमार सिंह व बिनोद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के भटिया टोली के रहने वाले हैं।
बकरी चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवकों पर भी केस
इस पूरे मामले में पुलिस ने केवल मारपीट और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ करने वालों पर ही कार्रवाई नहीं की है। बकरी चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवकों के खिलाफ भी पुलिस ने अलग प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों के खिलाफ टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 263/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील—कानून हाथ में न लें
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर चोरी या किसी अन्य अपराध का संदेह होने पर कानून अपने हाथ में न लें। किसी आरोपी के साथ मारपीट करने अथवा पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
किशनगंज से रजी अहमद की रिपोर्ट…