मुंगेर: मुंगेर विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को नामांकन का एक और मौका दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से सत्र 2023-27 के स्नातक सेमेस्टर-6 और सत्र 2024-28 के स्नातक सेमेस्टर-4 में नामांकन के लिए पोर्टल दोबारा खोलने की सूचना जारी की गई है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के एकमात्र विधि संस्थान में सत्र 2026-29 LLB सेमेस्टर-1 की तीसरी मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी गई है।
सेमेस्टर-6 में 9 से 12 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क नामांकन
विश्वविद्यालय के अनुसार सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-6 में वैसे विद्यार्थी, जो किसी कारणवश पहले नामांकन नहीं ले सके थे, 9 से 12 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क के नामांकन करा सकते हैं। इसके बाद 14 और 15 सितंबर को 200 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ नामांकन का अवसर दिया जाएगा।
सेमेस्टर-5 के प्रमोटेड विद्यार्थी भी सेमेस्टर-6 में नामांकन ले सकेंगे। हालांकि उनका सेमेस्टर-6 का रिजल्ट तभी जारी किया जाएगा, जब वे पूर्व के सभी सेमेस्टर में उत्तीर्ण होंगे। किसी पूर्व सेमेस्टर में बैकलॉग रहने की स्थिति में सेमेस्टर-6 का रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा।
सेमेस्टर-4 के लिए भी दोबारा खुलेगा पोर्टल
सत्र 2024-28 के स्नातक सेमेस्टर-4 में नामांकन के लिए भी विद्यार्थियों को दोबारा मौका दिया गया है। इसमें नियमित विद्यार्थियों के साथ सत्र 2023-27 के बैकलॉग विद्यार्थियों को भी नामांकन का अवसर मिलेगा।
दोनों श्रेणी के विद्यार्थी 9 से 12 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क के नामांकन करा सकेंगे, जबकि 14 और 15 सितंबर को 200 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ नामांकन का मौका मिलेगा। नामांकन से पहले संबंधित सत्र की आवश्यक शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
LLB सेमेस्टर-1 की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी, 87 विद्यार्थियों का चयन
इधर, मुंगेर विश्वविद्यालय ने अपने एकमात्र विधि संस्थान के लिए सत्र 2026-29 LLB सेमेस्टर-1 में नामांकन को लेकर तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसमें कुल 87 विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मिश्रा के अनुसार तीसरी मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों की काउंसलिंग और नामांकन प्रक्रिया 9 सितंबर से 12 सितंबर तक चलेगी। काउंसलिंग विश्वनाथ सिंह लॉ कॉलेज में होगी और विद्यार्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन और काउंसलिंग के बाद ही विद्यार्थियों का नामांकन पूरा किया जाएगा। निर्धारित तिथि के बाद नामांकन को लेकर किए जाने वाले किसी भी दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।
बताया गया कि LLB सेमेस्टर-1 के लिए इससे पहले दो मेरिट लिस्ट की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल 180 सीटों में अब तक 93 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है। तीसरी मेरिट लिस्ट में 87 विद्यार्थियों के चयन के बाद शेष सीटों पर भी नामांकन का रास्ता साफ हो गया है।
ये खबर भी पढ़े: ‘एक बोरा चावल’ यानी 1 लाख और ‘तेल-पानी’ का मतलब 10 हजार; घूस के सीक्रेट कोड का ऑडियो बना निगरानी का हथियार!