बगहा: पश्चिम चंपारण के बगहा में एक पांच वर्षीय बच्ची का शव गन्ने के खेत से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना धनहा थाना क्षेत्र के तमकुहा गांव की है। बच्ची की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि तमकुहा में बजाज एजेंसी के पास गन्ने के खेत में बच्ची का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धनहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
CCTV फुटेज ने बढ़ाया रहस्य
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, फुटेज में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में बच्ची के साथ नजर आ रही है। हालांकि, यह महिला बच्ची की मां है या कोई अन्य, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है। साथ ही बच्ची की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल बच्ची की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस आसपास के गांवों में बच्ची के संबंध में जानकारी जुटा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत कैसे हुई और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
ये खबर भी पढ़े: Bihar: बिहार में गजब बर्थडे, इंसान नहीं, बकरे का काटा गया केक… नाच-गाने से लेकर भोज तक हुआ आयोजन!